राज्य
18-May-2026


- गाय की जगह बकरियों की दें कुर्बानी कोलकाता (ईएमएस)। कोलकाता की प्रसिद्ध नाखोदा मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद शफीक कासमी ने मुस्लिम समुदाय से एक बड़ी अपील की है। उन्होंने सामाजिक सौहार्द और हिंदू भावनाओं का सम्मान करते हुए गाय की कुर्बानी से परहेज करने का आह्वान किया है। इमाम ने सुझाव दिया कि इसके स्थान पर बकरियों की कुर्बानी दी जा सकती है। मौलाना कासमी का यह बयान पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा पिछले सप्ताह पशुवध के संबंध में जारी किए गए नए दिशानिर्देशों और धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के इस्तेमाल संबंधी आदेश के बाद आया है। नए सरकारी नियमों के तहत, अधिकारियों द्वारा जारी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र के बिना किसी भी पशु के वध पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। अब अधिकारी वध से पहले बैल, सांड, गाय, बछड़े और भैंसों की उम्र एवं शारीरिक स्थिति का गहन आकलन करेंगे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मौलाना ने कहा कि हमारे जैसे विविधतापूर्ण समाज में मुसलमानों को ऐसी चीजों से बचना चाहिए, जिससे दूसरों की भावनाओं को ठेस पहुंचे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उचित स्थानीय बुनियादी ढांचे के अभाव में नए नियमों के कारण अब पशु वध काफी मुश्किल हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने मस्जिद कमेटियों से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और सुनिश्चित करें कि लाउडस्पीकर की आवाज तय सीमा से अधिक न हो। रामयश/ईएमएस 18 मई 2026