जयपुर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर जनसुनवाई में प्रदेशभर से आई महिलाओं, विशेष योग्यजन, वरिष्ठ नागरिक एवं विभिन्न वर्गों के लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना। मुख्यमंत्री ने अनेक प्रकरणों में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर मौके पर ही परिवेदनाओं का समाधान कर परिवादियों को राहत दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुनवाई आमजन और शासन के बीच विश्वास एवं संवाद का प्रभावशाली माध्यम है। हमारी सरकार सुशासन के उच्च मानकों पर कार्य करते हुए अंतिम पंक्ति पर बैठे व्यक्ति को योजनाओं का लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आए सभी प्रकरणों के निस्तारण की समय-समय पर मॉनिटरिंग की जाए। अधिकारी ऐसी पारदर्शी एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे परिवादी को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवेदनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों पर सख्त कार्रवाई हो।जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनकर परिवादियों से व्यक्तिगत संवाद भी किया। उन्होंने जनसुनवाई में बड़ी संख्या में आई महिलाओं, दिव्यांगों, बुजुर्गों सहित विभिन्न लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया। आमजन अपनी परिवेदनाओं के हाथोंहाथ समाधान से बेहद संतुष्ट नजर आए। मुख्यमंत्री ने इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, श्रम, कृषि, गृह, राजस्व, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल सहित विभिन्न विभागों की आमजन से जुड़ी परिवेदनाओं को सुना और उनके निस्तारण के निर्देश दिए।जनसुनवाई में नागौर से आए विशेष योग्यजन ताराचंद माली ने स्कूटी व इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल नहीं मिल पाने की अपनी पीड़ा मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। जिस पर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अधिकारियों को उन्हें शीघ्र स्कूटी व इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल देने के निर्देश दिए। इसी तरह, करौली के विशाल कुमार मीणा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें उत्तर मेट्रिक छात्रवृत्ति योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है जिससे उन्हें आगे की पढ़ाई जारी रखने में समस्या आ रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उन्हें शीघ्र ही उत्तर मेट्रिक छात्रवृत्ति दिलवाने के निर्देश दिए तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपनी समस्याओं के इतने त्वरित समाधान से ताराचंद एवं विशाल बहुत खुश हुए और मुख्यमंत्री का आभार जताया। अशोक शर्मा/ 5 बजे/ 18 मई 2026