- केंद्र और राज्य सरकार पर साधा निशाना कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत रामपुर विधानसभा क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और ईंधन संकट को लेकर अब जनता का गुस्सा सड़कों पर फूटने लगा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश और जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा (ग्रामीण) के आव्हान पर रामपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोटमेर स्थित पेट्रोल पंप के सामने जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए जमकर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक तरफ पेट्रोल पंपों में ईंधन संकट गहराता जा रहा है, दूसरी तरफ दामों में लगातार बढ़ोतरी कर जनता की जेब काटी जा रही है। किसान, मजदूर, व्यापारी और आम लोग महंगाई की मार से त्रस्त हैं, लेकिन सरकार सिर्फ वादों और प्रचार में व्यस्त है। उक्त धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले समय में जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। प्रदर्शन में जिला महामंत्री प्रवीण ओगरे, मंडल अध्यक्ष सेन्द्रीपाली अमीर खान, विधायक प्रतिनिधि जयकिशन पटेल, इब्राहिम फारुकी, रोशन खांडे, सूरज सोनी, धनाराम खांडे, अखिलेश कुर्रे, रामधन मिरी, बिसाहू पटेल और आत्माराम मन्नेवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। - 18 मई