- धमाकों के साथ फटे एसी, मची अफरा-तफरी प्रयागराज (ईएमएस)। सिविल लाइंस के व्यस्त एमजी मार्ग स्थित होटल विट्ठल में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। प्रचंड गर्मी और तेज हवाओं के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि उसने देखते ही देखते पूरे होटल को अपनी आगोश में ले लिया और होटल जलकर खाक हो गया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि होटल के भीतर लगे एसी एक-एक कर फटने लगे, जिससे स्थिति और बेकाबू हो गई। होटल स्टाफ और वहां मौजूद लोगों ने भागकर जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में चार और बाद में आधा दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को आग बुझाने के काम में लगाया गया। आग की तेज लपटें इतनी विकराल थीं कि वे पास के एक खाली प्लॉट तक फैल गईं और वहां भी आग लग गई। इसके अलावा, होटल से सटी दरबारी बिल्डिंग के पिछले हिस्से को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने कॉफी हाउस के पास स्थित इस वीआईपी इलाके की सभी दुकानों को तुरंत बंद करा दिया, जिसके बाद आस-पास के दुकानदारों ने आनन-फानन में अपना सामान बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। राहत और बचाव कार्य के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) चंद्रमोहन शर्मा भी मामूली रूप से चोटिल हो गए। मौके पर जुटी सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ को हटाने और स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल दमकल कर्मी पूरी मुस्तैदी से आग पर काबू पाने और नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। - ईएमएस 18 मई 2026