नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली सरकार और डीएमआरसी के मंडे मेट्रो अभियान का सोमवार सुबह मिला-जुला असर देखने को मिला। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, कई मंत्री, सांसद और अधिकारी मेट्रो से दफ्तर पहुंचे, लेकिन पीक ऑवर में राजीव चौक, हौज खास और मंडी हाउस जैसे बड़े इंटरचेंज स्टेशनों पर भीड़ सामान्य दिनों जैसी ही बनी रही। कुछ कॉरिडोर पर दबाव दिखा, जबकि कई रूटों पर यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम नजर आई। सड़क यातायात में भी सरकार की अपील का सीमित असर दिखा और कई मार्गों पर भी जाम लगा रहा। ईंधन संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद दिल्ली सरकार ने मंडे मेट्रो अभियान के जरिए मंत्रियों, अधिकारियों और आम लोगों से सप्ताह की शुरुआत सार्वजनिक परिवहन, खासकर मेट्रो, से करने की अपील की थी। इसका मकसद सड़क ट्रैफिक और प्रदूषण कम करना बताया गया। अभियान के तहत सरकार ने नेताओं और अधिकारियों को भी मेट्रो से दफ्तर जाने के लिए प्रेरित किया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/18/ मई/2026