राज्य
18-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्वी दिल्ली में जाफराबाद थाना पुलिस ने पार्किंग को लेकर हुई फायरिंग के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मौजपुर निवासी नितिन चौधरी उर्फ लाला (37) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और छह कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 16 और 17 मई की दरम्यानी रात करीब डेढ़ बजे मौजपुर स्थित गुर्जर चौक के पास कुछ मजदूर ट्रक से सामान उतार रहे थे। इसी दौरान पास में खड़ी कार से उतरे आरोपी ने वाहन हटाने को कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। हालांकि, घटना में कोई घायल नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान थाना प्रभारी इंस्पेक्टर तनवीर अशरफ की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने वारदात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी हत्या के प्रयास और मारपीट के मामलों में शामिल रह चुका है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/18/ मई/2026