- सेंसेक्स 400 अंक चढ़ा, निफ्टी 23,700 के पार; ऑयल-गैस में तेजी मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को निवेशकों का उत्साह देखने को मिला। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में खुले और मजबूती के साथ कारोबार करते रहे। हालांकि, इसी बीच आम लोगों के लिए एक बुरी खबर आई, जब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर इजाफा किया गया। मंगलवार सुबह घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी दर्ज की गई। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के चलते प्रमुख सूचकांकों में उछाल आया। सुबह करीब 9:18 बजे तक निफ्टी 50 लगभग 87 अंक की बढ़त के साथ 23,726.6 के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह, सेंसेक्स भी 320.09 अंक की तेजी के साथ 75,651.53 पर कारोबार कर रहा था, जिससे निवेशकों के चेहरों पर खुशी लौट आई। बाजार की इस तेजी में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निफ्टी 50 में आईटी सेक्टर की कंपनियों ने सबसे ज्यादा मजबूती दिखाई, जहां इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसकी सर्विस और टेक महिंद्रा जैसे दिग्गज शेयर शीर्ष लाभ पाने वालों में शामिल रहे। निफ्टी आईटी इंडेक्स में करीब 4 प्रतिशत की जोरदार तेजी दर्ज की गई, जिसने पूरे बाजार की चाल को मजबूत सहारा दिया। इसके अलावा, केमिकल और एफएमसीजी सेक्टर ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। ब्रॉडर मार्केट में भी खरीदारी का माहौल देखने को मिला, निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.41 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.45 प्रतिशत की बढ़त रही। हालांकि, बाजार के एक वर्ग में थोड़ी नरमी भी रही। निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स में हल्की कमजोरी दर्ज की गई, जिससे कुल तेजी कुछ हद तक सीमित रही। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कई घटनाक्रमों का असर बाजार पर पड़ा। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि अन्य पश्चिम एशियाई देशों के अनुरोध के बाद एक प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई को रोक दिया गया है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि क्षेत्र में ऐसा समझौता संभव है जो अमेरिका और अन्य देशों के लिए स्वीकार्य होगा और जिसमें परमाणु हथियारों को शामिल नहीं किया जाएगा। सतीश मोरे/19मई ---