मुंबई (ईएमएस)। रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 18 पैसे टूटकर 96.38 प्रति डॉलर पर आ गया। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव से बाजार की भावनाएं लगातार कमजोर हो रही हैं। विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि और होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से निर्यात और खाड़ी देशों से आयात में बाधा आने के कारण रुपये की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.38 पर खुला जो पिछले बंद भाव से 18 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया सोमवार को अब तक के सबसे निचले स्तर 96.20 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.10 पर रहा। सतीश मोरे/19मई ---