ग्वालियर ( ईएमएस ) | नगर निगम के मदाखलत अमले द्वारा सुगम यातायात के लिए शहर के विभिन्न स्थानों से अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। मदाखलत अधिकारी श्री रवि कोरी ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी केशव सिंह चौहान के निर्देशन में दक्षिण विधानसभा अंतर्गत महाराज बाड़ा स्थित गाँधी मार्केट एवं छापाखाना मुख्य मार्ग पर यातायात अवरुद्ध कर रहें हाथ ठेले वालों को हटाया जाकर सामान जप्ती की कार्यवाही की गई। इसके साथ ही मुख्य मार्गाें पर रखी आइसक्रीम की मशीनों को जप्त कर अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत दी गई कि मुख्य मार्ग पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न किया जावे अन्यथा मदाखलत विभाग द्वारा मौके पर ही जुर्माना वसूलने की कार्यवाही की जावेगी। उक्त कार्यवाही में दक्षिण विधानसभा अमला उपस्थित रहा।