19-May-2026
...


हरदा (ईएमएस)।म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अरविंद रघुवंशी के निर्देशन एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चन्द्रशेखर राठौर के मार्गदर्शन में मंगलवार को स्पार्कल भोपाल एकेडमी, हरदा में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित जिला विधिक सहायता अधिकारी सौरभ कुमार दुबे ने छात्र छात्राओं को नालसा व सालसा की चल रही विभिन्न विधिक सहायता योजनाओं जैसे बच्चों के लिए मैत्रीपूर्ण विधिक सेवा योजना 2024, मध्यप्रदेश अपराध पीड़ित प्रतिकर योजना 2015, नालसा लैंगिक हमलों व अन्य अपराधों की पीड़िताओं सर्वाईवर्स महिलाओं के लिए प्रतिकर योजना 2018, की जानकारी दी। साथ ही उन्होने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, पॉक्सो एक्ट-2012, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अधिनियम, 1989 के बारे उपस्थित छात्र/छात्राओं को अवगत कराया। इस दौरान उन्होने बताया कि नालसा डॉन योजना, 2025 राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नालसा द्वारा नशा उन्मूलन हेतु शुरू की गई एक पहल है। इसका उद्देश्य, विशेष रूप से युवा व किशोरों में नशीले पदार्थों के उपयोग के विरूद्ध जागरूकता बढ़ाना और नशे के शिकार लोगों को कानूनी सहायता और कल्याणकारी सेवाएं प्रदान करना है। साथ ही उन्होने बच्चों को पढ़ाई के प्रति अभिप्रेरित करके उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अनीस मोहम्मद खान ने शिविर में उपस्थित छात्र छात्राओं को बताया कि विधिक साक्षरता शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, बच्चों के अधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जागरूकता बढ़ाना, शिक्षा को बढ़ावा देना और बाल यौन शोषण बाल विवाह, बाल श्रम आदि के बारे में लोगों को जागरूक करना है। उन्होने बताया कि आमजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा या अन्य विधिक सेवा संस्थान में उपस्थित होकर अथवा पत्र के माध्यम से या नालसा पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर, नालसा टोल फ्री हेलपलाईन नंबर 15100 पर कॉल कर विधिक सहायता आसानी से प्राप्त कर सकते है। कानूनी मामलों में विविध सलाह एवं परामर्श विधिक परामर्श केन्द्र से पूर्णतः निःशुल्क है। शिविर में शिक्षक सुरेन्द्र मालवीय छात्र/छात्राएं एवं पैरालीगल वॉलेंटियर ज्योति राजपूत एवं शैफाली घाबरी उपस्थित रहे। अखिलेश पाराशर, 19 मई, 2026