:: दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक सहित विभिन्न कार्यक्रमों में हुए शामिल :: दंतेवाड़ा/जगदलपुर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान कई महत्वपूर्ण गतिविधियों में सहभागिता की। अपनी यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने जगदलपुर में नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से भेंट की, साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा कर विभिन्न विषयों पर संवाद किया। प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार को डॉ. यादव ने मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में सक्रिय भागीदारी निभाई। :: छत्तीसगढ़ की लोक कला और संस्कृति की मुक्त कंठ से सराहना :: बस्तर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पारंपरिक लोक नृत्यों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। उन्होंने वहां प्रदर्शित विभिन्न कला-शिल्पों और वाद्य यंत्रों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। छत्तीसगढ़ की कला संस्कृति से प्रभावित डॉ. यादव ने कहा कि यहाँ के लोक कलाकार प्रतिभा के धनी हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की कलाओं में अद्भुत साम्य है और दोनों राज्यों के शिल्पकार अपने हुनर के लिए पूरे देश में विख्यात हैं। :: मां दंतेश्वरी के दरबार में टेका माथा, विज्ञान केंद्र का भी किया अवलोकन :: बैठक के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दंतेवाड़ा स्थित ऐतिहासिक मां दंतेश्वरी देवी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और प्रदेश व देश के सर्वकल्याण के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में आए अनेक श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट भी की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दंतेवाड़ा स्थित विज्ञान केंद्र का दौरा किया, जहाँ उन्होंने विज्ञान से संबंधित विभिन्न प्रादर्शों को देखा और उनके कार्य करने के तरीके के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। :: प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास की राह पर मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ :: मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपनी यात्रा को अत्यंत सुखद अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ कभी एक ही राज्य थे, और इस बैठक के माध्यम से उन्हें बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा, यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विकास के सभी क्षेत्रों में तीव्र गति से आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप हम महिला, किसान, युवा और गरीब—सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करने के लिए संकल्पित हैं। यात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक के शानदार आयोजन और अपने प्रति दिखाए गए श्रेष्ठ आतिथ्य के लिए छत्तीसगढ़ सरकार को धन्यवाद दिया। प्रकाश/19 मई 2026