क्षेत्रीय
19-May-2026


जिले में किसानों से 15 लाख 50 हजार क्विंटल गेहूं की खरीदी कर 223.23 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया नरसिंहपुर,(ईएमएस)! . कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने जिला उपार्जन समिति के सदस्यों एवं राजस्व अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने गेहूं, चना एवं मसूर उपार्जन में सम्पूर्ण नियंत्रण रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। जिला प्रबंधक मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन को निर्देश दिए हैं कि जिले के विभिन्न 20 खरीदी केन्द्रों में ट्रकों के माध्यम से परिवहन के लिए एक लाख 25 हजार क्विंटल गेहूं उपार्जन केन्द्रों में रखा हुआ है। प्रतिदिन कम से कम 100- 100 ट्रक लगवाकर उक्त मात्रा का शीघ्र परिवहन कराना सुनिश्चित कराएं। उपायुक्त सहकारिता को निर्देशित किया गया कि खरीदी केन्द्रों में पर्याप्त हम्मालों एवं तौल-कांटे की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं, जिससे त्वरित गति से उपार्जन का कार्य सम्पादित हो सके। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसी भी स्थिति में उपार्जन कार्य में गड़बड़ी या अनियमितताएं बर्दाश्त नहीं की जाएगी, यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। जिला आपूर्ति अधिकारी नरसिंहपुर ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य जिले के 69 खरीदी केन्‍द्रों में सुचारू रूप से निरंतर संचालित है। जिले में 18 मई 2026 तक की स्थिति में 22 हजार 404 किसानों से 15 लाख 50 हजार गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। किसानों के बैंक खातों में 223.23 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान भी किया जा चुका है। शेष गेहूं विक्रय किसानों का भुगतान ई-उपार्जन पोर्टल के माध्यम से निरंतर प्रक्रियाधीन है। आगामी 23 मई 2026 तक गेहूं की आवक को दृष्टिगत रखते हुए जिले में पर्याप्त वारदाने की व्यवस्था कराई जा रही है, जिससे निर्बाध उपार्जन का कार्य समय सीमा में पूर्ण हो सके। साथ ही जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, राजस्व, खाद्य, सहकारिता एवं कृषि विभाग के संबंधित अधिकारियों के द्वारा भी नियमित रूप से खरीदी केन्द्रों का भ्रमण कर रहे हैं। इस दौरान उपार्जन में आने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जा रहा है। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 19 मई 2026