-प्रति मिनट दागती है 1100 राउंड, आसमान में बना देती गोलियों की अभेद्य दीवार अंकारा,(ईएमएस)। युद्ध के मैदान में सन्नाटा पसरा है। अचानक रडार की स्क्रीन पर एक लाल बिंदी चमकती। दुश्मन की एक घातक क्रूज मिसाइल और ड्रोनों का झुंड बहुत ही कम ऊंचाई पर, रडार को चकमा देते हुए रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। पलक झपकते ही सामने आता है तुर्की का एक बख्तरबंद शिकारी, नाम है कोरकुट। जैसे ही ये हवाई खतरे इसके 4 किलोमीटर के चक्रव्यूह में कदम रखते हैं, इसका आधुनिक 3डी रडार उन्हें सेकंड के सौवें हिस्से में ‘लॉक’ कर देता है। इसके बाद जो होता है, वह आसमान में तबाही का खूंखार मंजर है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कोरकुट की जुड़वां 35एकएम बैरल गरज उठती हैं और प्रति मिनट 1100 राउंड की खौफनाक रफ्तार से मौत का ऐसा जाल बुनती हैं कि दुश्मन की मिसाइलें हवा में ही बिखर जाती हैं। यह महज एक गन नहीं बल्कि आधुनिक ड्रोन युग का वह ‘कसाई’ है जो दुश्मन के घमंड को पल भर में राख के ढेर में बदल देता है। तुर्की की प्रसिद्ध रक्षा कंपनी एसेलसन द्वारा विकसित कोरकुट एक अत्याधुनिक सेल्फ-प्रोपेल गन एयर डिफेंस सिस्टम है। इसे विशेष रूप से युद्ध के मैदान में सेना की मोबाइल टुकड़ियों को हवाई हमलों से सुरक्षा देने के लिए डिजाइन किया है। आज के दौर में जब ड्रोन, कम ऊंचाई पर उड़ने वाले हेलीकॉप्टर और क्रूज मिसाइलें सबसे बड़ा खतरा हैं तब कोरकुट जैसा सिस्टम रक्षा कवच का काम करती हैं। यह सिस्टम हर मौसम में समान रूप से काम करने में सक्षम है। गन सिस्टम (पेलोड) कोरकुट में 35एमएम की डबल-बैरल ऑटोमैटिक गन लगी हुई है। यह गन तुर्की के मैकेनिकल और केमिकल इंडस्ट्री कॉरपोरेशन द्वारा बनाई गई है। फायरिंग रेट यह गन प्रति मिनट 1100 राउंड दागने की अद्भुत क्षमता रखती है जो आसमान में गोलियों की एक अभेद्य दीवार खड़ी कर देती है। इसकी प्रभावी मारक क्षमता 4 किलोमीटर तक है, जहां यह कम ऊंचाई पर उड़ने वाले किसी भी टारगेट को पल झपकते ही राख कर देती है। यह सिस्टम एसेलसन द्वारा विकसित एयर बर्स्ट एमुनिशन यानी स्मार्ट गोला-बारूद का उपयोग करता है। यह गोला टारगेट के पास पहुंचकर हवा में ही फट जाता है, जिससे निकलने वाले सैकड़ों टुकड़े छोटे ड्रोनों और मिसाइलों को आसानी से नष्ट कर देते हैं। रिपोर्ट के मुताबकि कोरकुट सिस्टम पूरी तरह से बख्तरबंद और एम्फीबियस ट्रैक व्हीकल पर माउंटेड है। एक सामान्य कोरकुट नेटवर्क में निम्नलिखित शामिल होते हैं। तीन वेपन सिस्टम प्लेटफॉर्म जो सीधे गन से फायरिंग करते हैं। कमांड एंड कंट्रोल व्हीकल इसमें एक 3डी सर्च रडार लगा होता है जिसकी ट्रैकिंग रेंज 30 किलोमीटर तक होती है। यह रडार खतरों को पहचानकर तीनों गन प्लेटफॉर्म्स को फायर करने का निर्देश देता है। रूस का तुंगुस्का अपनी मिसाइलों के कारण 10 किमी तक मार कर सकता है, लेकिन ड्रोन और छोटे खतरों के खिलाफ कोरकुट का ‘अटोम’ एयर बर्स्ट गोला-बारूद दुनिया के सबसे घातक और किफायती प्रणालियों में है। सिराज/ईएमएस 20 मई 2026