अंतर्राष्ट्रीय
20-May-2026
...


-अब चीनी जासूस होने के लग रहे आरोप ओस्लो(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नॉर्वे दौरे के दौरान सवाल पूछकर चर्चा में आईं वहां की महिला पत्रकार हेली लेंग को अब भारी विवाद और ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। ओस्लो में एक साझा मीडिया ब्रीफिंग के दौरान पीएम मोदी से तीखे सवाल पूछने और भारतीय राजनयिकों से बहस के बाद पत्रकार ने दावा किया है कि उनके फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट को सस्पेंड कर दिया गया है। यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब ओस्लो में भारत और नॉर्वे के प्रधानमंत्रियों की एक साझा प्रेस वार्ता खत्म हो रही थी। जैसे ही पीएम मोदी कमरे से बाहर निकलने लगे, हेली लेंग ने पीछे से चिल्लाते हुए भारत में प्रेस की स्वतंत्रता और मानवाधिकारों को लेकर सवाल उठाने की कोशिश की। बाद में भारतीय अधिकारियों ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि जिन लोगों को भारत की सही समझ नहीं है, उन्हें इस तरह के निराधार सवाल नहीं उठाने चाहिए। इस घटना के बाद इंटरनेट यूजर्स ने पत्रकार हेली लेंग को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया। यूजर्स ने उनके पुराने लेखों और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर लिखी गई कुछ पुरानी रिपोर्ट्स को ढूंढ निकाला। कई यूजर्स ने उन पर पक्षपातपूर्ण होने का आरोप लगाया और सोशल मीडिया पर उन्हें विदेशी प्लांट, जासूस और चाइनीज प्रॉक्सी (चीनी एजेंट) तक कहना शुरू कर दिया। भारत में मानवाधिकारों को लेकर पूछे गए उनके सवाल की भी सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना हो रही है।भारी ऑनलाइन ट्रोलिंग के बीच हेली लेंग ने स्वयं जानकारी दी कि मेटा कंपनी ने उनके फेसबुक और इंस्टाग्राम, दोनों अकाउंट्स को ब्लॉक कर दिया है। उन्होंने एक अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रेस की आजादी के लिए यह एक छोटी सी कीमत है। उन्होंने यह भी कहा कि वह अधिक से अधिक भारतीय यूजर्स को जवाब देना चाहती थीं, लेकिन अकाउंट्स बंद होने के कारण अब इसमें देरी होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मेटा उनके अकाउंट्स को जल्द ही बहाल कर देगा। दिलचस्प बात यह है कि फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड होने के बाद एक्स (ट्विटर) पर उनकी लोकप्रियता में अचानक भारी उछाल आया है। इस विवाद से पहले एक्स पर उनके फॉलोअर्स की संख्या 800 से भी कम थी, लेकिन पीएम मोदी से जुड़े इस वाकये के वायरल होने के महज कुछ ही दिनों के भीतर उनके फॉलोअर्स की संख्या बढ़कर 45,000 के पार पहुंच गई है। वीरेंद्र/ईएमएस/20मई 2026