एक दशक बाद राजस्थान के किसी खिलाड़ी को टीम इंडिया में मिली जगह श्रीगंगानगर (ईएमएस)। श्रीगंगानगर जिले के युवा स्पिनर मानव सुथार को अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम में शामिल किये जाने के बाद से ही उनके घर के साथ ही पूरे राजस्थान क्रिकेट जगत में जश्न का माहौल है। एक दशके बाद राज्य के किसी खिलाड़ी को भारतीय टीम में जगह मिली है। जिससे क्रिकेट प्रशंसक उत्साहित हैं। बाएं हाथ के इस गेंदबाज को 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाली एक टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इससे उनके पैतृक जिले श्रीगंगानगर में जश्न का माहौल है, जहां हर कोई इस युवा सितारे की सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है। माना जा रहा है कि मानव को अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की जगह मौका दिया गया है, जो उनकी बढ़ती परिपक्वता और क्षमता को दिखाता है। मानव पिछले कुछ वर्षों से लगातार भारतीय चयनकर्ताओं की नजर में थे। साल 2023 के एकदिवसीय विश्व कप से पहले बेंगलुरु में आयोजित अभ्यास शिविर में उन्हें बुलाया गया था, जहां उन्होंने अपनी बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी से कप्तान रोहित शर्मा और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों को काफी प्रभावित किया था। तभी से माना जा रहा था कि वह भविष्य के एक बेहतरीन टेस्ट स्पिनर के रूप में उभरेंगे। हालांकि, उनका सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। आईपीएल में गुजरात टाइटंस के साथ लंबे समय तक बेंच पर बैठने और इंडिया-ए व दलीप ट्रॉफी में चयन न होने के बावजूद उन्होंने अपना हौसला बनाए रखा। मानव के कोच धीरज शर्मा ने इस उपलब्धि को श्रीगंगानगर के लिए गौरव का क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि मानव पिछले 14 वर्षों से कड़ी मेहनत कर रहा है और बीसीसीआई के विभिन्न प्रारूपों में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। यह चयन उसकी वर्षों की तपस्या और अनुशासन का परिणाम है, जिसकी नींव उसने श्रीगंगानगर के एसडी बिहाणी क्रिकेट ग्राउंड पर रखी। मानव के पिता जगदीश सुथार और माता सुशीला सुथार की खुशी का ठिकाना नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्हें अपने बेटे पर हमेशा पूरा भरोसा था, जिसने कठिन परिस्थितियों में भी कभी हार नहीं मानी। ईएमएस 20 मई 2026