खेल
20-May-2026


लखनऊ (ईएमएस)। राजस्थान रॉयल्स की टीम के कप्तान रियान पराग के लिए आईपीएल को ये सत्र अच्छा नहीं रहा है और खेल के अलावा वे अन्य बातों के लिए अधिक चर्चाओं में रहे है। रियान इस सत्र में अब तक अधिक रन बनाने में तो सफल नहीं हुए हैं पर उनकी टीम प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। इसी कारण लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत के बाद रियान भड़क गये और उन्होंने कमेंटेटरों को नसीहत दे दी कि क्रिकेटरों की निजी जिंदगी में दखल देने की जगह पर वे खेल पर ही ध्यान दें। पराग हाल ही में ई सिगरेट पीने को लेकर विवाद में आ गये थे। ऐसे में उनसे जब पूछा गया कि वह अपने बारे में हो रही आलोचनाओं और चर्चाओं को कैसे संभालते हैं, तो उन्होंने कहा, पिछले चार साल में मैंने एक बात तो समझ ली है कि मैं कुछ भी करूं, लोग बातें तो करेंगे ही। इन बातों का मेरे खेल, मेरी फॉर्म या मेरी मानसिकता पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए। इस साल आईपीएल में जो कुछ भी हो रहा है, बहुत सी बातें बाहर हो रही हैं। उन्होंने आईपीएल विशेषज्ञों और कमेंटेटर्स पर तंज कसते हुए कहा कि खिलाड़ी भी इंसान होते हैं और उनसे गलतियां हो सकती हैं पर उनकी निजी जिंदगी पर टिप्पणी करना गलत है। उन्होंने आगे जोड़ा, जब कोई टीम 75 या 80 रन पर सिमट जाती तो लोग कह देते हैं कि खिलाड़ियों को खेलना नहीं आता या वो खेलना नहीं चाहते पर उस मैच से पहले तीन-चार दिन की तैयारी होती है। खिलाड़ी 220-250 रन बनाने की सोचकर उतरते हैं, लेकिन हर दिन वैसा नहीं होता। हम भी इंसान हैं, हमसे भी गलतियां होती हैं। मैं केवल इतना कहना चाहता हूं कि जिन कमेंटेटर्स की आवाज लाखों लोगों तक पहुंचती है, वो क्रिकेट से प्यार करें और क्रिकेट की ही बात करें । पराग ने इस दौरान युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि उसकी इस सत्र में काफी अच्छी भूमिका रही है। ईएमएस 20मई 2026