सिलहट (ईएमएस)। बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने यहां पाकिस्तान के खिलाफ हुए सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच को 78 रनों से जीतकर 2-0 से सीरीज अपने नाम की है। इसी के साथ ही मेजबान बांग्लादेश टीम अपनी धरती पर पाक के खिलाफ पहली सीरीज जीतने में सफल रही है। इस मैच में पाकिस्तान की टीम जीत के लिए मिले 437 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान मैच के चौथे दिन के पहले सत्र में 358 रनों के स्कोर पर ही सिमट गयी। बांग्लादेश की ओर से स्पिनर गेंदबाज तैजुल इस्लाम ने घातक गेंदबाजी करते हए 114 रन देकर 6 विकेट लिए। तैजुल की फिरकी के आगे पाक बल्लेबाज टिक नहीं पाये। इसके अलावा तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने भी 2 विकेट लिए, जबकि शोरिफुल इस्लाम और अनुभवी मेहदी हसन मिराज को भी एक-एक विकेट मिला। वहीं पाक की ओर से दूसरी पारी में मोहम्मद रिजवान ने सबसे अधिक 94 रन बनाए पर वह टीम को हार से नहीं बचा पाये। वह शोरिफुल इस्लाम की गेंद पर आउट हुए। रिजवान के अलावा शान मसूद और सलमान आगा ने भी 71-71 रनों का योगदान दिया, जबकि कप्तान बाबर आजम ने भी 47 रनों की अच्छी पारी खेली। हालांकि इसके बावजूद पाकिस्तान के अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी बनाने और लक्ष्य तक पहुंचने में विफल रहे, जिसके कारण उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा । इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पहली पारी में लिटन दास ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 126 रनों की शतकीय पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम 278 रन बनाने में सफल रही। जवाब में पाकिस्तान की टीम 232 रन ही बना पाई, जिससे बांग्लादेश को पहली पारी में 46 रनों की बढ़त हासिल हुई। इस बढ़त ने बांग्लादेश की टीम मैच में हावी हो गयी। अपनी दूसरी पारी में बांग्लादेश ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया। मुशफिकुर रहीम ने137 रनों की जबरदस्त शतकीय पारी खेली, वहीं लिटन दास ने भी 69 रन बनाकर अपनी अच्छी फॉर्म जारी रखी। इन पारियों के बल पर बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी में 390 रन बनाए और पाकिस्तान के सामने जीत के लिए कुल 437 रनों का एक बेहद मुश्किल लक्ष्य रखा, जिसे वह हासिल नहीं कर पाया। गिरजा/ईएमएस 20 मई 2026