-कोल्ड ड्रिंक गोदाम व मकान में लगी भीषण आग, दो ईको वैन जलकर खाक भरतपुर,(ईएमएस)। डीग जिले के कामां इलाके में मंगलवार शाम घरेलू एलपीजी सिलेंडर से गाड़ी में गैस रिफिलिंग करते समय ब्लास्ट हो गया। इसके बाद कोल्ड ड्रिंक के गोदाम और उसके ऊपर बने मकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के 7 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से इलाज के दौरान सगे भाई-बहन की मौत हो गई। दो घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हादसा डीग रोड पर बस स्टैंड के सामने स्थित एक कोल्ड ड्रिंक गोदाम में मंगलवार शाम हुआ। गोदाम संचालक मनमोहन रसोई गैस सिलेंडर से मारुति ईको गाड़ी की गैस किट में अवैध रूप से गैस भर रहा था। सप्लाई के काम आने वाली दोनों ईको गाड़ियां गैस किट से चल रही थीं। गैस रिफिलिंग के दौरान अचानक एक सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। धमाका इतना भीषण था कि आग की लपटें सीधे गोदाम के ऊपर बने रिहाइशी मकान तक पहुंच गईं। गोदाम में खड़ी दोनों ईको वैन भी जलकर खाक हो गईं। जानकारी के मुताबिक धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर पाइप से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर कामां थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी जांच के लिए बुलाया। हादसे के वक्त गोदाम संचालक मनमोहन और उसके चचेरे भाई भगवान सिंह के परिवार ऊपर मकान में ही मौजूद था। आग की चपेट में आने से परिवार के 7 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान भगवान सिंह की 11 साल की बेटी अक्षरा ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के मुताबिक अक्षरा करीब 50 फीसदी तक झुलस गई थी। इसके बाद गंभीर हालत को देखते हुए बाकी 6 घायलों को जयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही अक्षरा के 8 साल के भाई लक्ष्य ने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में झुलसे अन्य लोगों का इलाज जारी है, जिनमें मनमोहन (कोल्ड ड्रिंक एजेंसी संचालक), पत्नी सरिता (25), भगवान सिंह (37), नीरज (भगवान सिंह की पत्नी), साक्षी (15, भगवान सिंह की बेटी) शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अवैध गैस रिफिलिंग के इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। सिराज/ईएमएस 20मई26