अंतर्राष्ट्रीय
20-May-2026


-शासन और नीतिगत फैसले एआई-संचालित रोबोट परिषद करेगी मनीला,(ईएमएस)। फिलीपींस के पलावन प्रांत में स्थित एक उष्णकटिबंधीय द्वीप इन दिनों दुनिया भर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। तकनीकी उद्यमी डैन थॉमसन ने इस द्वीप को एआई से संचालित “माइक्रोनेशन” घोषित कर दिया है। ‘सेंसय’ नाम का यह द्वीप दुनिया का पहला ऐसा “एआई राष्ट्र” माना जा रहा है, जहां शासन और नीतिगत फैसले एआई-संचालित रोबोट परिषद करता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक थॉमसन ने इस परियोजना की शुरुआत अपनी एआई कंपनी ‘सेंसय’ के नाम पर की है। माइक्रोनेशन उन संस्थाओं को कहा जाता है, जो खुद को स्वतंत्र राष्ट्र घोषित करती हैं, हालांकि उन्हें अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त नहीं होती है। इस परियोजना के तहत द्वीप को तकनीक, पर्यटन और वैकल्पिक प्रशासनिक मॉडल की प्रयोगशाला के रूप में विकसित किया जा रहा है। द्वीप के प्रशासन के लिए विंस्टन चर्चिल, महात्मा गांधी, नेल्सन मंडेला, लियोनार्डो दा विंची और मार्कस ऑरेलियस जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों पर आधारित एआई बॉट्स की एक कार्यकारी परिषद बनाई गई है। ये एआई इकाइयां प्रस्तावों पर बहस करेंगी, मतदान करेंगी और फैसले लेंगी, जबकि इंसान उन फैसलों को लागू करेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक परियोजना के तहत द्वीप को स्कूबा डाइविंग और आइलैंड हॉपिंग के शौकीन पर्यटकों के लिए एक विशेष पर्यटन केंद्र बनाया जा रहा है। यहां करीब 30 लग्जरी रिसॉर्ट विला विकसित करने की योजना है। थॉमसन का कहना है कि सेंसय द्वीप भविष्य में नई जीवनशैली और तकनीक आधारित समाज का उदाहरण बन सकता है। 2027 से “ई-रेजिडेंसी” कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिसके तहत दुनिया भर के लोग ऑनलाइन नागरिकता प्राप्त कर सकेंगे। फिलहाल 12 हजार से ज्यादा लोग इस प्रयोगात्मक मॉडल से जुड़ने के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। वर्चुअल नागरिक द्वीप के विकास से जुड़े प्रस्ताव दे सकेंगे, जिन पर एआई परिषद चर्चा करेगी। इस परियोजना को लेकर विशेषज्ञों के बीच मतभेद भी हैं। ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के एआई एथिक्स संस्थान की शोधकर्ता एलोन्ड्रा नेल्सन ने इसे “प्रदर्शन आधारित प्रयोग” बताते हुए कहा कि एआई पूरी तरह निष्पक्ष नहीं हो सकता और अंतिम नियंत्रण एक तकनीकी कंपनी के हाथ में रहेगा। इसके बावजूद थॉमसन का दावा है कि भविष्य में सरकारें निष्पक्ष फैसले और पारदर्शिता के लिए ऐसे मॉडल अपना सकती हैं। उनका मानना है कि एआई आधारित प्रशासन मानवीय पूर्वाग्रहों और राजनीतिक हितों से मुक्त होकर काम कर सकता है। सिराज/ईएमएस 20मई26