राष्ट्रीय
20-May-2026


लखनऊ (ईएमएस)। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में राज्य की योगी सरकार ने भरोसा दिलाया है कि प्रदेश भर के स्कूली भवनों की सुरक्षा जांच जल्द शुरू होगी। योगी सरकार ने बताया कि अधिकारियों और स्कूल प्रबंधनों के बीच हुई बैठकें काफी सकारात्मक रही हैं। इन बैठकों में न केवल भवनों की सुरक्षा, बल्कि लखनऊ शहर के शैक्षिक संस्थानों के करीब यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई है। इसकी जानकारी दी गई कि प्रदेश के सभी स्कूल भवनों की सुरक्षा जांच के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब जल्द ही निरीक्षण का काम शुरू होगा, ताकि उनकी मौजूदा स्थिति का आकलन कर आवश्यक कदम उठाए जा सकें। न्यायमूर्ति आलोक माथुर और न्यायमूर्ति बृजराज सिंह की पीठ ने सरकार के इन प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सरकार को मामले में विस्तृत अध्ययन और प्रभावी प्रस्ताव पेश करने के लिए अतिरिक्त समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई के लिए 16 जुलाई की तिथि नियत की गई है। यह आदेश गोमती रिवर बैंक रेजिडेंट्स की ओर से दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया गया। आशीष दुबे / 20 मई 2026