राज्य
21-May-2026
...


- एनआईए का बड़ा खुलासा - देश की खुफिया जानकारी भेज रहा था सरहद पार कोलकाता (ईएमएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता के निवासी जफर रियाज उर्फ रिजवी को पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एजेंसी के मुताबिक, आरोपी भारत विरोधी आतंकी साजिश के तहत देश की सुरक्षा से जुड़ी बेहद संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान भेज रहा था। जफर रियाज के खिलाफ पहले ही लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था और उसे घोषित अपराधी बनाने की कानूनी प्रक्रिया चल रही थी, इसी बीच उसे दबोच लिया गया। जांच में सामने आया है कि जफर रियाज का पाकिस्तान से गहरा नाता है; उसकी शादी एक पाकिस्तानी महिला से हुई है और उसके बच्चे वहां के नागरिक हैं। वह पहले भी जासूसी के एक मामले में दोषी करार दिया जा चुका है और साल 2005 से लगातार भारत-पाकिस्तान के बीच यात्रा कर रहा था। इसी दौरान वह पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के संपर्क में आया, जिन्होंने उसे मोटी रकम और नागरिकता का लालच देकर देश के खिलाफ जासूसी के काम में लगा दिया। आरोपी ने भारत में सक्रिय अन्य जासूसों और राष्ट्रविरोधी तत्वों की मदद के लिए भारतीय मोबाइल नंबरों के वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) भी पाकिस्तानी हैंडलर्स को लीक किए थे। इन नंबरों के जरिए व्हाट्सएप खाते एक्टिवेट किए गए, ताकि मोतीराम जाट नाम के एक अन्य आरोपी से गुप्त संपर्क साधा जा सके। मोतीराम पर भी सुरक्षा संबंधी खुफिया जानकारी पाकिस्तान भेजने का आरोप है। एनआईए अब इस पूरे जासूसी नेटवर्क और इसके पीछे की बड़ी साजिश को खंगालने में जुटी है। - ईएमएस 21 मई 2026