राज्य
27-May-2026
...


गोलीबारी में दामाद की मौत, ससुर वेंटिलेटर पर ग्वालियर (ईएमएस)। अवैध रेत का कारोबार खूनी खेल में बदल गया। शहर में बुधवार सुबह करीब 10.30 बजे रिटायर्ड फौजी ने ससुर-दामाद को दौड़ा-दौड़ाकर गोलियां मारी। एक गोली तो पिस्टल मुंह में रखकर मारी। जिससे दामाद की मौत हो गई, जबकि ससुर गंभीर हालत में है। वह अभी वेंटीलेटर पर है। इस खूनी खेल की वजह अवैध रेत के फड़ को लेकर चल रही रंजिश है। ससुर-दामाद ने पहले रिटायर्ड फौजी को पीटा था, वह भागकर घर के अंदर गया और लाइसेंसी पिस्टल निकाल लाया। इसके बाद गोलियां चला दी। यह घटना महाराजपुरा क्षेत्र की है। महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दीनदयाल नगर स्थित पटरी रोड पर रहने वाले रिटायर्ड फौजी विष्णु दुबे का अवैध रेत का फड़ है। शताब्दीपुरम में शनिश्चरा रोड पर विष्ण फड़ चलाता है। यहां दंडोतिया मार्केट में सत्यभान गुर्जर और उसके दामाद भोलू गुर्जर का फड़ है। रेत के फड़ को लेकर इनमें रंजिश चल रही थी। इसी को लेकर सत्यभान और भोलू ने पहले विष्णु से मारपीट की। वह भागकर घर के अंदर गया और लाइसेंसी पिस्टल निकाल लाया। उसने एक के बाद एक पांच गोलियां चलाई। ससुर-दामाद को दौड़ा-दौड़ाकर गोलियां मारी। भोलू के मुंह में गोली मारी। दोनों को गोली मारकर आरोपित भाग गया। ससुर-दामाद को गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां भोलू गुर्जर को मृत घोषित कर दिया गया। इस मामले में दो घंटे बाद ही रिटायर्ड फौजी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव है। जिसके चलते अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है।