- दमोह के तेलनघाटी की घटना, भैंसों को गिराने का आरोप सिंग्रामपुर/ दमोह (ईएमएस)। दमोह जिले के जबेरा थाना के सिंग्रामपुर चौकी के अंतर्गत आने वाले तेलनघाटी मार्ग पर 500 फीट ऊंचे पहाड़ से गिरने पर 11 भैंसों की मौत हो गई है और दो की हालत गंभीर है। यह घटना मंगलवार रात की है बुधवार सुबह राहगीर जब इस घाटी से गुजर रहे थे। तब उन्होंने भैंसों के शव देखे तो तत्काल ही पुलिस को सूचना दी। भैंस मालिक का आरोप है अज्ञात लोगों ने भैंसों को पहाड़ से धक्का दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। सिंग्रामपुर चौकी के कंजई गांव निवासी द्वारका प्रसाद राय की 13 भैंसे थीं जिनमें 11 की मौत हो गई ओर दो को इलाज के लिए पशु अस्पताल भेजा गया है। पशु मालिक द्वारका प्रसाद राय ने आरोप लगाया है कि टेलनघाटी के आसपास कुछ लोगों की मूंग की फसल लगी है। यह भैंसे लोगों के खेतों में घुस रही थी। उन्हें अंदेशा है कि इन्हीं लोगों के द्वारा भैंसों को पहाड़ पर ले जाकर उन्हें धक्का दिया है, लेकिन जिस हिसाब से 13 भैंसे इतने ऊंचे पहाड़ से गिरी हैं उन्हें धक्का देना संभव प्रतीत नहीं हो रहा है। दूसरा अंदेशा यह भी जताया जा रहा है कि कुछ लोगों के द्वारा भैंसों को चोरी करने के उद्देश्य से इकट्ठा कर उन्हें पहाड़ से खदेड़ा गया और इसी दौरान वह नीचे गिर गई। तेलन घाटी का जो मार्ग है वहां से लिंक रोड निकला है जो पौड़ी, बमोरी और बनवार मार्ग को आपस में जोड़ता है। यह काफी सुनसान इलाका है और लोगों की आवाजाही बहुत कम रहती है। इसलिए रात में किसी ने इस घटना को घटित होते हुए नहीं देखा। सुबह जब एक साथ 11 भैंसों के शव सड़क किनारे पड़े हुए थे तब राहगीरों की नजर इन भैंसों पर गई तो उन्होंने तत्काल ही सिग्रामपुर चौकी पुलिस को सूचना दी है। पुलिस मौके पर पहुंची है और मवेशी मलिक के बयान दर्ज करने के बाद मामले में जांच शुरू कर दी गई है। प्रधान आरक्षक रामगोपाल ने बताया द्वारका प्रसाद राय पिता रामप्रसाद राय ने केजई निवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है टेलनमार्ग घाटी से अज्ञात लोगों द्वारा तेरा भैंसों को गिराया गया है शिकायत पर आगे कार्रवाई की जा रही है पहाड़ से गिरने से 11 भैंसों मौत हो गई है दो घायल है आगे कार्रवाई की जा रही है घटनास्थल पर प्रधान आरक्षक रामगोपाल आरक्षक शैलेंद्र सिंह एवं डायल 112 की टीम मौजूद है।