मुम्बई (ईएमएस)। पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए शामिल नहीं किये जाने को लेकर चयन समिति के प्रमुख अजीत अगरकर पर निशाना साधा है। जाफर ने अगरकर की इस तर्क को भी सिरे से खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने कहा है कि शमी की फिटनेस अभी टी20 मैचों के लायक ही है। जाफर ने ये भी सवाल किया कि अगर बुमराह चोटिल हो जाये तो क्या उनके साथ भी वापसी को लेकर ऐसा ही व्यवहार करेंगे। अगरकर ने टीम घोषित करते हुए कहा था शमी के नाम पर विचार ही नहीं किया गया। उन्होंने आगे कहा था कि शमी की वर्तमान फिटनेस सिर्फ टी20 फॉर्मेट के लिए ही सही है। अगरकर के इस बयान से जाफर नाराज हैं। उन्होंने इसे इस तेज गेंदबाज के प्रति अपमानजनक करार दिया। जाफर ने अगरकर के इस तर्क को खारिज करते हुए कहा, “ये बकवास है। हम शमी के बारे में बात कर रहे हैं, किसी ऐसे-वैसे खिलाड़ी के बारे में नहीं। यह मोहम्मद शमी के प्रति असम्मानजनक है। आपने देखा है, यह लड़का लगातार प्रदर्शन कर रहा है और आप कह रहे हैं कि वह सिर्फ टी20 के लिए फिट है। ये तो एक बहाना है। अगर आपने उन पर विचार नहीं किया तो ये कहते कि हमने उन्हें नजरअंदाज किया। वह रणजी ट्रॉफी में अकेले अपने दम पर बंगाल को सेमीफाइनल में पहुंचाकर आए हैं, अपनी धारदार गेंदबाजी के दम पर।” टीम चयन की घोषणा के दौरान अजीत अगरकर ने मोहम्मद शमी को लेकर कहा था, “मुझे पता है कि उन्होंने इस साल घरेलू क्रिकेट खेला है लेकिन इस वक्त मुझे जो सूचना मिल रही है उस हिसाब से वह अभी टी20 क्रिकेट के लिए ही तैयार हैं। इसलिए उनके नाम पर कोई चर्चा नहीं हुई।”अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आखिरी बार पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए खेला था। उसके बाद से वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने घरेलू क्रिकेट में रणजी ट्रॉफी से लेकर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी तक में शानदार प्रदर्शन कर अपनी फिटनेस और फॉर्म का सबूत भी दिया। इसके बाद भी चयन समिति उनकी उपेक्षा कर रही है। गिरजा/ईएमएस 21मई 2026