खेल
21-May-2026


मुम्बई (ईएमएस)। गुजरात टाइटन्स के प्रमुख् बल्लेबाज साई सुदर्शन ने अब तक इस आईपीएल सत्र में 500 से अधिक रन निकल चुके हैं और वह ऑरेंज कैप के बड़े दोवेदार बनकर उभरे हैं। उन्होंने टीम को प्लेऑफ में पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है हालांकि उनकी पसंदीदा टीम चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) है। सुदर्शन ने इसका कारण भी बताया है। उनका कहना है कि सीएसके के साथ वह भावनात्मक रुप से जुड़े हैं हालांकि इसके बाद भी वह गुजरात टाइटन्स का अहम हिस्सा हैं।सुदर्शन ने बताया कि अपने स्कूली दिनों में वह अक्सर सड़क किनारे खड़े होकर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम बस को अपने स्कूल के सामने से गुजरते हुए देखने का इंतजार करते थे। उनके लिए सीएसके के खिलाफ खेलना हमेशा एक खास एहसास होता है, जो बचपन की उन प्यारी यादों से जुड़ा है जब वह सिर्फ एक प्रशंसक थे। दिलचस्प बात यह है कि साई सुदर्शन ने आईपीएल इतिहास का अपना पहला शतक दो साल पहले 2024 में सीएसके के खिलाफ ही लगाया था। अपने इस यादगार शतक के बारे में बात करते हुए ही उन्होंने सीएसके के साथ अपने इस गहरे भावनात्मक रिश्ते को सबके सामने रखा।सुदर्शन ने अपने पहले आईपीएल शतक को लेकर कहा, यह जानबूझकर नहीं हुआ था, मुझे लगता है कि यह भगवान की कृपा थी और सही समय पर आई। लेकिन मुझे पिच पर समय बिताना हमेशा बहुत खास लगता है, खासकर तब जब मैं सीएसके के खिलाफ खेलता हूं। वजह यह है कि कुछ भी कहा या किया जाए, मेरा सीएसके के साथ एक गहरा भावनात्मक जुड़ाव है। हम सड़क के किनारे बस इसलिए खड़े होते थे ताकि सीएसके की टीम बस को हमारे स्कूल के नजदीक से गुजरते हुए देख सकें। वे शानदार यादें हैं। मैं इसके लिए भगवान का आभारी हूं कि मैंने सीएसके के खिलाफ कुछ यादगार प्रदर्शन किए हैं। ईएमएस 21 मई 2026