राज्य
21-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। वैश्विक गैस आपूर्ति में बाधाओं के कारण, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने एनसीआर के उद्योगों, होटलों और रेस्टोरेंटों को वैकल्पिक ईंधन के उपयोग की अनुमति एक महीने के लिए बढ़ा दी है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और आसपास के इलाकों में काम करने वाले उद्योगों, होटलों और रेस्टोरेंटों के लिए राहत भरी खबर है। सीएक्यूएम ने एक आदेश जारी कर स्वीकृत ईंधनों की सूची में दी गई ढील को और एक महीने तक बढ़ाने का फैसला किया है। आयोग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक पश्चिमी एशिया में चल रहे भू- राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण मार्च 2026 की शुरुआत से ही गैस की वैश्विक आपूर्ति बाधित चल रही है। इसी के मद्देनजर केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने आठ मई को सीएक्यूएम को सूचित किया है कि दिक्कत अभी भी बनी हुई है। गैस संकट के चलते उद्योगों का काम प्रभावित न हो, इसके लिए सीएक्यूएम ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की सलाह पर उद्योगों, होटलों, रेस्टोरेंटों और अन्य प्रतिष्ठानों को वैकल्पिक ईंधनों के अस्थायी इस्तेमाल की अनुमति दी है। इनमें हाई स्पीड डीजल, बायोमास, आरडीएफ (रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल) पैलेट्स शामिल हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि ये वैकल्पिक ईंधन भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध न हों, तो सीमित अवधि के लिए कोयले और केरोसिन का उपयोग भी किया जा सकता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/21/ मई/2026