मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के पश्चिमी उपनगर बांद्रा इलाके में स्थित गरीब नगर में हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। दरअसल दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद अचानक इलाके में पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे आसपास के क्षेत्र में तनाव और डर का माहौल बन गया। घटना के दौरान कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। इसके बाद बांद्रा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए 16 लोगों को हिरासत में लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ दंगा करने, सरकारी काम में बाधा डालने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल गरीब नगर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस के मुताबिक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मामले की जांच जारी है। संजय/संतोष झा- २१ मई/२०२६/ईएमएस