क्षेत्रीय
21-May-2026


​अल्टीमेटम: 8 दिन के भीतर तिरंगा दोबारा नहीं लगा, तो तहसील कार्यालय में धरने पर बैठेंगी महिला नेत्रियां ​सिरोंज (ईएमएस)। भोपाल रोड स्थित ऐतिहासिक और प्रमुख स्थल जटाशंकर घाटी पर लगे राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) को वर्तमान में हटाए जाने को लेकर स्थानीय लोगों और महिला जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी है। इस संबंध में बुधवार को महिला कांग्रेस की पूर्व पदाधिकारियों और समाजसेविकाओं ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) हरिशंकर विश्वकर्मा को एक लिखित ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय ध्वज को ससम्मान उसी स्थान पर पुनः स्थापित करने की मांग की है। साथ ही प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 8 दिनों के भीतर मांग पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। ​एसडीएम को सौंपे गए आवेदन में समाजसेविका व पूर्व पार्षद बिल्किस जहाँ (पूर्व सचिव, मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस) और नसरीन खान (पूर्व जिला महामंत्री) ने बताया कि जटाशंकर घाटी पर पूर्व में गौरव के साथ राष्ट्रीय ध्वज स्थापित था, जो क्षेत्रवासियों के लिए देशप्रेम और आकर्षण का केंद्र था। परंतु, वर्तमान में वहां राष्ट्रीय ध्वज नहीं है, जिससे स्थानीय नागरिकों की भावनाएं आहत हो रही हैं। ​तिरंगी लाइटें लगाने की भी मांग ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि जटाशंकर घाटी पर राष्ट्रीय ध्वज को पुनः पूरी गरिमा के साथ लहराया जाए और उस स्थान पर आकर्षक तिरंगी लाइटों की व्यवस्था की जाए। इससे न केवल वहां का वातावरण सुंदर और गरिमामय बनेगा, बल्कि आने-जाने वाले राहगीरों में भी राष्ट्रभक्ति का संदेश जाएगा। ​प्रशासन को दिया 8 दिन का समय महिला कांग्रेस ने प्रशासनिक सुस्ती पर कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कहा है कि यदि अगले 08 दिनों के भीतर उक्त स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं लगाया गया, तो महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता और स्थानीय महिलाएं मजबूरन तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने के लिए बाध्य होंगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इस ज्ञापन की एक प्रतिलिपि जिला कलेक्टर विदिशा को भी उचित कार्रवाई हेतु भेजी गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से शबनम खान, शन्नो बी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और जागरूक नागरिक उपस्थित रहे। ईएमएस/सलमान खान/ 21 मई 2026