उल्हासनगर, (ईएमएस)। उल्हासनगर में एक चौंकाने वाली मारपीट की घटना सामने आई है। दरअसल जीन्स पार्सल का काम करने वाले दो भाइयों पर कुछ लोगों ने लकड़ी के डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बताया जा रहा है कि माल उठाने के पैसों के विवाद को लेकर यह हमला किया गया। मिली जानकारी के मुताबिक, उल्हासनगर के कैंप 5 स्थित स्वामी शांति प्रकाश स्कूल के पास रहने वाले कपिल पारवाणी और मनीष पारवाणी जीन्स फैक्ट्री में पार्सल डिलीवरी का काम करते हैं। कुछ दिनों पहले उनका मुस्ताक, हरदीप और उनके दो अन्य साथियों के साथ माल उठाने के पैसे को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने दोनों भाइयों पर लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। हमले में मनीष पारवाणी के सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया। वहीं घटना के तुरंत बाद घायल भाइयों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हिल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। संतोष झा- २१ मई/२०२६/ईएमएस