रायपुर (ईएमएस)। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत रायपुर शहर में खुले में कचरा फेंकने की समस्या को नियंत्रित करने एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा “सेकेंडरी कलेक्शन सेंटर” निर्माण की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना के लिए कुल 1.50 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। प्राप्त राशि से नगर निगम के जोन क्रमांक 2, 9 एवं 10 के अंतर्गत कुल तीन स्थानों पर 50-50 लाख रुपये की लागत से सेकेंडरी कलेक्शन सेंटर का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार चयनित स्थलों पर वर्तमान में भूमि एवं स्थल संबंधी विवाद की स्थिति होने के कारण निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। विवादों के निराकरण अथवा वैकल्पिक स्थल चयन के बाद कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने बताया कि संबंधित निर्माण कार्यों को मुख्यालय स्तर के बजाय जोन कार्यालयों के माध्यम से कराए जाने का प्रस्ताव है, ताकि कार्यों का त्वरित एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। जोन स्तर से कार्य कराए जाने पर नियमित मॉनिटरिंग संभव होगी तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कराने में सुविधा मिलेगी। सत्यप्रकाश /चंद्राकर/21 मई 2026