राज्य
21-May-2026


* पालनपुर हाईवे पर हादसों का सिलसिला जारी, पति गंभीर घायल, आरोपी वाहन चालक फरार बनासकांठा (ईएमएस)| जिले के पालनपुर हाईवे पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पालनपुर के गठामण पाटिया के पास एक बेहद दर्दनाक ट्रिपल एक्सीडेंट सामने आया है। ट्रक, स्कॉर्पियो और एक्टिवा के बीच हुए इस भीषण हादसे में एक्टिवा पर सवार एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार दंपती मेहसाणा जिले के बहुचराजी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बहुचराजी निवासी अमित पटेल अपनी पत्नी के साथ एक्टिवा पर सवार होकर पालनपुर के गठामण पाटिया क्षेत्र से गुजर रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा सवार पति-पत्नी सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान एक्टिवा पर पीछे बैठी महिला सड़क से गुजर रहे एक ट्रक के पहिए के नीचे आ गईं। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अमित पटेल को भी हादसे में कई चोटें आई हैं। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायल अमित पटेल को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामला दर्ज कर फरार वाहन चालकों की तलाश शुरू कर दी है। सतीश/21 मई