राज्य
21-May-2026


भोपाल(ईएमएस)। भोपाल जीआरपी पुलिस ने बीते चौबीस घंटों के दौरान ने चोरी के दो मामले दर्ज किए हैं। यह वारदातें केरला और गोंडवाना एक्सप्रेस में हुई है। अज्ञात आरोपियो ने सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल पर हाथ साफ किया है। जीआरपी पुलिस के अनुसार इटारसी में रहने वाली सृष्टि गौर ने अपनी शिकायत में बताया की वह 13 मई को दिल्ली से केरला एक्सप्रेस के एसी कोच में सवार हुई थी। सफर के दौरान ग्वालियर स्टेशन पर उनकी नींद लग गई। वह जब भोपाल जंक्शन पहुंची तो देखा पर्स की जेब खुली है, और उसमें रखी नकदी, मंगलसूत्र, सोने की चेन समेत करीब एक लाख का माल गायब था। उन्होंने इटारसी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में केस डायरी मिलने पर भोपाल जीआरपी ने मामला दर्ज किया है। वहीं फरियादी प्रतीक ने प्रकरण दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया की वे मूलतः बैतूल जिले में रहते हैं। 15 मई को वे पांढुर्णा जाने के लिए भोपाल जंक्शन से गोंडवाना एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हुए थे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश ने उनकी जेब में रखा कीमती आईफोन पार कर दिया। प्रकरण दर्ज कर पुलिस मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। जुनेद / 21 मई