:: महायज्ञ : पुरुषोत्तम मास में गूंज रहे महामंत्र, 15 जून तक चलेंगे धार्मिक अनुष्ठान :: इंदौर (ईएमएस)। एयरपोर्ट रोड, पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में भक्ति का अनूठा उल्लास बिखरा हुआ है। महामंडलेश्वर श्रीमहंत स्वामी रामचरणदास महाराज एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के पावन सानिध्य में यहां 108 विद्वानों द्वारा श्रीमद भागवत पारायण का दिव्य अनुष्ठान किया जा रहा है। इस महायज्ञ में प्रतिदिन भागवत पूजन करने और विद्वान ब्राह्मणों का सम्मान करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के समूह उमड़ रहे हैं। अनुष्ठान के साथ ही मठ पर पहले दिन से ओम नमो भगवते वासुदेवाय सहित अन्य वैष्णव महामंत्रों के जाप का सिलसिला अनवरत जारी है। इस पावन मास के चलते मठ परिसर स्थित भगवान पुरुषोत्तम, रणछोड़जी, पंचमुखी हनुमान, टीकमजी एवं हंसेश्वर महादेव सहित सभी देवालयों पर नित्य नूतन आकर्षक श्रृंगार किया जा रहा है, जिसके दर्शन के लिए सुबह से रात तक भक्तों का ताँता लगा रहता है। इसके साथ ही आश्रम की गौशाला में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह पहुंचकर गौसेवा का पुण्य लाभ ले रहे हैं। आचार्य पं. राजेश शास्त्री के निर्देशन में संपन्न हो रहे इन अनुष्ठानों में विश्व ब्राह्मण समाज महासंघ के अध्यक्ष पं. योगेन्द्र महंत, महंत यजत्रदास, महंत अमितदास सहित कई विशिष्टजनों ने शामिल होकर धर्म लाभ लिया। :: 15 जून तक होंगे विविध मनोरथ और उत्सव :: मठ के महंत अमितदास ने बताया कि प्राचीन परंपरा के अनुसार अधिकमास के उपलक्ष्य में पूरे महीने प्रतिदिन सुबह 9 से 12 और शाम 4 से 7 बजे तक 108 विद्वानों द्वारा यह पारायण पाठ किया जा रहा है, जो आगामी 15 जून तक अनवरत चलेगा। इस दौरान आश्रम में संतों व ब्राह्मणों के लिए नित्य प्रसादी (भंडारा) और महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। आने वाले दिनों में पुरुषोत्तम मास के अंतर्गत ठाकुरजी का नौका विहार, फूलों की होली, संगीतमय सुंदरकांड पाठ और आगामी एकादशी पर विशेष उत्सवों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। ये सभी धार्मिक अनुष्ठान मठ के देवालयों और गौमाता की साक्षी में संपन्न होंगे। प्रकाश/21 मई 2026