:: धनवंतरी नगर में योग कार्यक्रम में बोले महापौर भार्गव- जहां कभी रोग होता था, वहां आज योग हो रहा है :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर नगर निगम द्वारा संचालित रंग दे बैकलेन अभियान शहर में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण की एक नई और अनूठी पहचान बनता जा रहा है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल के कुशल निर्देशन में चल रहे इस विशेष अभियान के तहत अब तक उपेक्षित और गंदगी से प्रभावित रहने वाली बैकलेनों को बेहद आकर्षक, हरित और उपयोगी स्वरूप में बदला जा रहा है। इस मुहिम की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि इसमें स्थानीय रहवासियों की अभूतपूर्व सहभागिता देखने को मिल रही है। अभियान के अंतर्गत शहर की बैकलेनों को अलग-अलग रचनात्मक थीम पर विकसित किया गया है। ब्यूटीफुल बैकलेन थीम के तहत गंदी दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग और कलात्मक चित्रकारी कर उन्हें सुंदर रूप दिया गया, जबकि ग्रीन बैकलेन के अंतर्गत बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर हरियाली को बढ़ावा दिया गया। इसी तरह यूटिलिटी व एक्टिविटी बैकलेन थीम के तहत इन गलियों को योग, व्यायाम, बच्चों के खेलकूद और अन्य सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहद उपयोगी स्थानों में तब्दील कर दिया गया है। :: रोग वाली जगह पर होने लगा योग :: झोन क्रमांक 21 स्थित धनवंतरी नगर की विकसित की गई बैकलेन इस पूरे अभियान की सफलता का सबसे बड़ा और प्रमुख उदाहरण बनकर सामने आई है। यहां आयोजित एक विशेष योग गतिविधि के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शहरवासियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिस बैकलेन में कभी गंदगी के कारण रोग पनपता था, वहां आज लोग जुटकर योग कर रहे हैं। यह इंदौर की जनभागीदारी की ताकत का प्रतीक है। इस पूरे अभियान में स्थानीय रहवासियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। नागरिकों ने स्वयं आगे आकर सफाई, रंगाई-पुताई और पौधों की देखरेख का जिम्मा संभाला है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि इस अनूठी पहल से न केवल शहर की स्वच्छता और सौंदर्य में वृद्धि हुई है, बल्कि पूर्व में बैकलेनों में होने वाली गंदगी और असामाजिक गतिविधियों पर भी पूरी तरह से अंकुश लग गया है। प्रकाश/21 मई 2026