(किशनगंज) बिहार में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, बंगाल के दो तस्करों से 1.60 करोड़ की हेरोइन बरामद किशनगंज (ईएमएस)। बिहार में नशे की तस्करी तेजी से बढ़ती जा रही है, जिसे रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। इसी अभियान के तहत किशनगंज जिले में नवगठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अपनी पहली बड़ी सफलता हासिल की है। “नशा मुक्त किशनगंज” अभियान के अंतर्गत एएनटीएफ ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पश्चिम बंगाल के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 800 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई बुधवार देर रात किशनगंज रेलवे स्टेशन के पास एनएच-27 सर्विस लेन में की गई। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के पटुआ निवासी शहवाज आलम (20) और मालिनगांव निवासी मो. शाह आलम (33) के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर बड़ी मात्रा में हेरोइन की डिलिवरी देने किशनगंज आने वाले हैं, जिसके बाद एएनटीएफ ने जाल बिछाकर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हेरोइन की सप्लाई देने आए थे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में सक्रिय एक संगठित तस्करी गिरोह से जुड़े हुए हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस मामले में किशनगंज थाना में कांड संख्या 540/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और हेरोइन सप्लाई नेटवर्क के बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंक की जांच में जुटी है। किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “नशा मुक्त किशनगंज” अभियान के तहत मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। चन्द्रबली सिंह / 21/05/2026