:: बर्फानी धाम, लसूड़ियां मोरी और बजरंग नगर क्षेत्र का निरीक्षण, रहवासियों से चर्चा कर जानीं समस्याएं :: इंदौर (ईएमएस)। भीषण गर्मी के इस दौर में शहरवासियों को सुचारू और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए इंदौर नगर निगम बेहद गंभीर है। इसी उद्देश्य से निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने गुरुवार को शहर की विभिन्न पेयजल टंकियों तथा जल वितरण व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बर्फानी धाम, लसूड़िया मोरी और बजरंग नगर स्थित पानी की टंकियों सहित वार्ड क्रमांक 28 के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर जलप्रदाय व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। निगम आयुक्त ने मौके पर मौजूद जलकार्य विभाग के अधिकारियों से जल वितरण की समय सारणी, पानी के दबाव, टंकियों की वास्तविक क्षमता और क्षेत्रवार की जा रही जलापूर्ति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने जिम्मेदारों को कड़े निर्देश दिए कि ग्रीष्मकाल में नागरिकों को निर्धारित समय पर पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित कराई जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। :: समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश :: दौरे के दौरान आयुक्त ने विभिन्न क्षेत्रों के रहवासियों से सीधा संवाद भी किया। उन्होंने नागरिकों से पेयजल आपूर्ति से जुड़ी उनकी व्यावहारिक समस्याएं और शिकायतें सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को उनके त्वरित व स्थाई निराकरण के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय अपर आयुक्त आशीष पाठक सहित जलकार्य विभाग के तमाम मैदानी अधिकारी और अमला उपस्थित रहा। प्रकाश/21 मई 2026