नई दिल्ली (ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकवाद, नशा मुक्त भारत अभियान, ऑपरेशन सिंदूर और अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया है। एक समाचार चैनल को दिए विशेष इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में ड्रग्स और आतंकवाद का गहरा संबंध है तथा पाकिस्तान से आने वाला नशे का नेटवर्क आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। मनोज सिन्हा ने बताया कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर में नशे के खिलाफ 100 दिन का विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत अब तक 856 एफआईआर दर्ज की गई हैं, 758 किलो ड्रग्स जब्त किए गए हैं और कई संपत्तियां अटैच की गई हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्ग इस अभियान में भाग ले रहे हैं और इसे जन आंदोलन का रूप मिल चुका है। उपराज्यपाल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की मजबूत नीति को दुनिया के सामने रखा है। उन्होंने दावा किया कि घाटी में आतंकवादी भर्ती अब काफी कम हो गई है और सुरक्षा बल लगातार आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। सुबोध/२२ -०५-२०२६