नई दिल्ली (ईएमएस)। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो 23 मई से 26 मई तक भारत दौरे पर रहेंगे। यह उनका पहला आधिकारिक भारत दौरा होगा, जिसे भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। दौरे के दौरान नई दिल्ली में क्वाड देशों की विदेश मंत्रियों की बैठक में भी हिस्सा लिया जाएगा। जानकारी के अनुसार मार्को रुबियो भारत में व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। अमेरिका भारत के साथ ऊर्जा सहयोग बढ़ाने और व्यापारिक संबंध मजबूत करने पर विशेष जोर दे रहा है। दौरे के दौरान क्वाड समूह में शामिल भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर बातचीत होगी। चीन के बढ़ते प्रभाव और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा भी बैठक का प्रमुख एजेंडा मानी जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मार्को रुबियो नई दिल्ली के अलावा कोलकाता, आगरा और जयपुर का भी दौरा कर सकते हैं। इस यात्रा को अमेरिका की भारत के साथ संबंधों को नई मजबूती देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। सुबोध/२२ -०५-२०२६