राष्ट्रीय
22-May-2026


पटना (ईएमएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय बैठक में कई बड़े फैसले लिए। बैठक में सरकारी और निजी स्कूलों की व्यवस्था सुधारने, छात्रों को बेहतर सुविधाएं देने और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने पर जोर दिया गया। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति और पढ़ाई की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए। निजी स्कूलों की फीस संरचना को भी पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि फीस बकाया होने पर किसी भी छात्र को परीक्षा से वंचित न किया जाए। सम्राट चौधरी ने स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं जैसे शौचालय, पेयजल, बिजली और डिजिटल शिक्षा संसाधनों को मजबूत करने पर भी जोर दिया। बैठक में छात्राओं की सुरक्षा और स्कूलों में अनुशासन व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिक्षा से जुड़ी शिकायतों का समय पर निराकरण किया जाए। सरकार का कहना है कि इन फैसलों का उद्देश्य बिहार की शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और छात्र हितैषी बनाना है। सुबोध/२२ -०५-२०२६