कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के झारग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार विक्रम साव को पाकिस्तान और बांग्लादेश से कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। विक्रम साव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें लगातार अंतरराष्ट्रीय नंबरों से फोन और वीडियो कॉल आ रहे हैं। विक्रम साव के मुताबिक कॉल करने वाले लोग उन्हें बम से उड़ाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो कॉल के दौरान कुछ लोग हथियार दिखाकर डराने की कोशिश भी कर रहे हैं। इस घटना के बाद विक्रम और उनका परिवार दहशत में है। दरअसल, लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारग्राम में विक्रम साव की दुकान पर रुककर झालमुड़ी खाई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद विक्रम साव अचानक चर्चा में आ गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और विक्रम साव को सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई है। स्थानीय भाजपा नेताओं ने आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सुबोध/२२ -०५-२०२६