राष्ट्रीय
22-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत ने शुक्रवार को ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज से अग्नि-1 बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह परीक्षण स्ट्रैटेजिक फोर्सेज कमांड की निगरानी में किया गया और इसमें मिसाइल के सभी ऑपरेशनल तथा तकनीकी मानकों का सफल सत्यापन हुआ। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि अग्नि-1 एक कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल है, जो भारत की सामरिक शक्ति का अहम हिस्सा मानी जाती है। परीक्षण के दौरान मिसाइल ने तय लक्ष्य को सफलतापूर्वक भेदा और सभी मिशन उद्देश्यों को पूरा किया। इस सफल परीक्षण के बाद भारतीय रक्षा क्षमता को और मजबूती मिलने की बात कही जा रही है। अग्नि-1 मिसाइल लगभग 700 से 900 किलोमीटर तक मार करने में सक्षम है और यह पारंपरिक तथा परमाणु हथियार ले जाने की क्षमता रखती है। इसे सड़क और रेल दोनों माध्यमों से लॉन्च किया जा सकता है, जिससे इसकी तैनाती और संचालन अधिक प्रभावी माना जाता है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस सफल परीक्षण से भारत की सामरिक प्रतिरोधक क्षमता और मजबूत होगी। हाल के महीनों में भारत लगातार अपनी स्वदेशी रक्षा तकनीक और मिसाइल प्रणालियों का परीक्षण कर रहा है। सुबोध/२२ -०५-२०२६