राष्ट्रीय
22-May-2026


पुणे (ईएमएस)। नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुणे की प्रिंसिपल मनीषा संजय हवलदार को गिरफ्तार किया है। सीबीआई के मुताबिक मनीषा हवलदार महाराष्ट्र के पुणे स्थित सेठ हीरालाल सराफ प्रशाला में कार्यरत थीं और नीट-यूजी परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी हुई थीं। जांच एजेंसी का दावा है कि मनीषा हवलदार को फिजिक्स प्रश्नपत्रों तक सीधी पहुंच थी। आरोप है कि अप्रैल 2026 में उन्होंने नीट-यूजी परीक्षा के फिजिक्स विषय के कुछ प्रश्न सह-आरोपी मनीषा मंधारे के साथ साझा किए थे, जिसे पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। सीबीआई इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। सीबीआई के अनुसार अब तक इस मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर से जुड़े लोग शामिल हैं। जांच एजेंसी को शक है कि पेपर लीक के पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय था, जो मोटी रकम लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था। मामले के सामने आने के बाद देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सीबीआई डिजिटल साक्ष्यों, आर्थिक लेनदेन और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है। सुबोध/२२ -०५-२०२६