गया (ईएमएस)। बिहार के गया जिले में केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी पर शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान हमला हो गया। घटना उस समय हुई जब वह मंच से लोगों को संबोधित करने के लिए खड़े हुए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने मंच की ओर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव में उनका एक बॉडीगार्ड घायल हो गया, जबकि जीतन राम मांझी बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में अचानक अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत जीतन राम मांझी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हाल ही में जीतन राम मांझी की समधन और विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर भी हमला हुआ था, जिसे लेकर उन्होंने पुलिस प्रशासन पर नाराजगी जताई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और कार्यक्रम स्थल के वीडियो फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। सुबोध/२२ -०५-२०२६