राज्य
23-May-2026
...


- भागने की कोशिश के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने पकड़ा - पुलिस जांच में जुटी गिरिडीह (ईएमएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले के सदर अस्पताल से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने अस्पताल के शौचालय (टॉयलेट) में एक बच्चे को जन्म दिया। इस घटना के बाद कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा बेंगाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली है और वह नौवीं कक्षा में पढ़ती है। फिलहाल, जच्चा-बच्चा दोनों को बेहतर इलाज के लिए चैताडीह स्थित मातृत्व एवं शिशु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम दोनों की निगरानी कर रही है। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को स्कूल में गर्मी की छुट्टियाँ होने के बाद छात्रा घर लौटी थी। घर आने के कुछ ही देर बाद उसने अचानक तेज कमर दर्द की शिकायत की। परिजनों ने इसे सामान्य शारीरिक समस्या समझा और इलाज के लिए उसे गिरिडीह सदर अस्पताल ले आए। अस्पताल में भर्ती होने के बाद देर शाम वह शौचालय गई, जहाँ उसने नवजात को जन्म दे दिया। इस बात से पूरी तरह बेखबर परिजनों और अस्पताल कर्मियों को जब इसकी भनक लगी, तो सभी सन्न रह गए। नवजात को जन्म देने के बाद नाबालिग अत्यधिक ब्लीडिंग (रक्तस्राव) की गंभीर स्थिति में ही शौचालय से बाहर निकलकर चुपचाप वहाँ से जाने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों की नजर उस पर पड़ गई। लड़की की हालत देखकर कर्मियों ने उसे तुरंत रोका और पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ। अस्पताल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए शौचालय से नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला और दोनों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। स्वास्थ्य कर्मियों के समय पर किए गए इस हस्तक्षेप के कारण ही दोनों की जान बचाई जा सकी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत सदर अस्पताल पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई अस्पताल प्रबंधन ने इस संवेदनशील मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी है और पुलिस इस बात की गंभीरता से जांच कर रही है कि नाबालिग किन परिस्थितियों में गर्भवती हुई। - ईएमएस 23 मई 2026