23-May-2026
...


- महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था होगी मुख्य प्राथमिकता चेन्नई (ईएमएस)। वर्ष 1996 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ए. अमलराज ने चेन्नई के नए पुलिस कमिश्नर के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि शहर में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि चेन्नई में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुंडागर्दी और असामाजिक तत्वों पर सख्ती से नकेल कसी जाएगी। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद कमिश्नर अमलराज ने मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय के मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम का निरीक्षण किया, जहाँ नई सरकार के पहले बड़े कार्यक्रम के तहत सिंगापेन स्पेशल टास्क फोर्स का उद्घाटन होना है। कन्याकुमारी के मूल निवासी ए. अमलराज का पुलिस करियर बेहद शानदार रहा है। वे सालेम, कोयंबटूर, त्रिची और तांबरम के पुलिस कमिश्नर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने पिछले सेवाकालों के दौरान उन्होंने अपराधों पर लगाम लगाने के लिए बड़े पैमाने पर सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क का विस्तार किया था। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक और मुख्यमंत्री पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, वे पुलिस प्रबंधन पर आधारित पांच प्रेरणादायक पुस्तकें भी लिख चुके हैं। - ईएमएस 23 मई 2026