- मलबे में तब्दील हुआ आशियाना - नाराज ग्रामीणों ने किया सड़क जाम चतरा (ईएमएस)। झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मिश्रौल बाजार में तड़के सुबह करीब चार बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चट्टी बारियातु से कोयला लादकर सिमरिया की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार हाइवा अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित प्रदीप तिवारी के आवासीय मकान और किराना दुकान को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। गनीमत यह रही कि दुर्घटना के समय उस विशेष कमरे में कोई मौजूद नहीं था और परिवार के लोग दूसरे कमरे में सो रहे थे, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का एक बड़ा हिस्सा और किराना दुकान का स्टोर रूम पूरी तरह ध्वस्त हो गया। मलबे में दबने से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान, घरेलू उपकरण और कीमती फर्नीचर पूरी तरह बर्बाद हो गया। इसके अलावा, हाइवा की चपेट में आने से पड़ोसी नारायण साव की बाउंड्री वॉल और बाथरूम भी क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना से आक्रोशित होकर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण सड़क पर उतर आए और उन्होंने टंडवा-सिमरिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे कोयला ढोने वाले वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बेलगाम दौड़ते कोल वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन मौन है। घटना की सूचना मिलते ही टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया है और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। थाना प्रभारी ने पीड़ित परिवार की लिखित शिकायत पर वाहन मालिक और चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है। - ईएमएस 23 मई 2026