- कलाबुरागी में भीषण सड़क हादसा - पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी कलाबुरागी (ईएमएस)। कर्नाटक के कलाबुरागी जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना जिले के लादलापुर के पास हुई, जहां एक क्रूजर वाहन और ट्रक (लॉरी) के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही कलाबुरागी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ए. श्रीनिवासुलु ने तुरंत दुर्घटनास्थल का दौरा किया और घटना के कारणों को समझने के लिए मौके का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है और टक्कर की असल वजह जानने के लिए मामले की जांच जारी है। सड़क हादसों का ऐसा ही एक और दर्दनाक वाकया पिछले महीने कर्नाटक के यादगीर क्षेत्र में भी सामने आया था। वहां एक कार और बस की आमने-सामने की भिड़ंत में सात लोगों की जान चली गई थी, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कार में सवार सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और वे रायचूर जिले के सिरवार तालुक के रहने वाले थे। यादगीर के एसपी पृथ्वीक शंकर ने बताया था कि यह हादसा सुरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार एक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी, तभी वह सामने से आ रही बस से टकरा गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। रामयश/ईएमएस 23 मई 2026