विमान कंपनी ने एम्बुलेंस से पहुंचाया अस्पताल, देर रात इलाज के दौरान मौत जबलपुर,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में डुमना एयरपोर्ट पर अहमदाबाद से रांची जा रही इंडिगो की एयरबस 320 विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। अचानक लैंडिंग से विमान यात्रियों में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि विमान में सवार एक युवक की तबीयत अचानक से बिगड़ गई थी। इस पर डुमना एयरपोर्ट पर विमान की शुक्रवार दोपहर 1.01 बजे इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के लैंड होते ही एयरपोर्ट प्रशासन और विमान कंपनी ने आनन-फानन में एम्बुलेंस बुलाकर मरीज को जबलपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। तमाम प्रयासों के बावजूद रात को इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इंडिगो की यह फ्लाइट डुमना एयरपोर्ट के उपर से ही गुजर रही थी। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के यात्री सुदीप गौनिश की विमान यात्रा के दौरान तबियत खराब हो गई थी। फ्लाइट के पायलट ने उनके इलाज के लिए जबलपुर एयरपोर्ट पर विमान को उतारा। यहां आनन-फानन में एम्बुलेंस बुलाकर सुदीप को निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई है। इस बीच इमरजेंसी लैंडिंग से करीब 50 मिनट तक विमान जबलपुर में ही खड़ा रहा। इसके बाद रांची के लिए उड़ान भरी। जानकारी के मुताबिक सुदीप कुमार गौनिश (29) की तबीयत अचानक बेहद खराब हो गई। वह फेफड़ों की बीमारी के इलाज के लिए अपनी बहन के साथ अहमदाबाद गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। जब विमान जबलपुर के आसमान के ऊपर था, तब सुधीर को सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत डुमना एयरपोर्ट के एटीसी से संपर्क किया और विमान को सुरक्षित नीचे उतारा। सिराज/ईएमएस 23मई26