23-May-2026
...


गुना (ईएमएस)। केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार को भाजपा के दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने गुना पहुंचे। कार्यक्रम में पहुंचने के बाद उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिकरवार के साथ सफेद और हरे रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़कर प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन की शुरुआत की। इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि भाजपा की कार्यप्रणाली में संगठन और कार्यकर्ताओं का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि “मैं खुद एक कार्यकर्ता हूं और कार्यकर्ताओं के साथ भोजन भी करता हूं। मैं स्वयं इस प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित रहा हूं। भाजपा में नवगठन के साथ प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिससे केंद्र से लेकर गांव के अंतिम कार्यकर्ता तक पार्टी की सोच और विचारधारा को मजबूत किया जा सके।” सिंधिया ने कहा कि प्रशिक्षण केवल संगठन का नहीं बल्कि हर व्यक्ति के नवनिर्माण का माध्यम भी होता है। नई सोच और नई विचारधारा के साथ कार्यकर्ता समाज और देश की सेवा के लिए तैयार होते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात उन्होंने अशोकनगर, शनिवार सुबह शिवपुरी और इसके बाद गुना में प्रशिक्षण वर्ग में भाग लिया। केंद्रीय मंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में भाजपा पूरी निष्ठा के साथ देश सेवा में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। - सीताराम नाटानी