- नफ़रत का कारोबार, भाषणबाजी, रील्स और भरपूर मनोरंजन मिलता रहेगा पटना, (ईएमएस)। पेट्रोल, डीज़ल और सीएनजी की बढ़ी कीमतों पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने फिर मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि आज फिर सीएनजी एवं पेट्रोल डीज़ल के दाम बढ़ा दिए। जनविरोधी पूँजीपरस्त एनडीए सरकार ने विगत 10 दिनों में तेल की कीमतों में लगभग 5 रुपए की वृद्धि की है यानि 50 पैसे प्रतिदिन। अभी और बढ़ना शेष है। उन्होंने कहा कि जब क्रूड ऑयल सस्ता था तब भी ये आपकी जेब काट कर निजी कंपनियों को मुनाफ़ा दिला रहे थे और अब भी। जो भाव कच्चे तेल का 2014 में था अब उससे भी बहुत कम है लेकिन पेट्रोल-डीजल के दाम दुगुना हो गए है। आने वाले दिनों में जनता को भयंकर महंगाई झेलनी पड़ेगी, प्राइवेट सेक्टर की नौकरियां जायेंगी, प्रवासी श्रमिक वापस लौटेंगे, लघु उद्योग-धंधे कम होंगे, गरीबी-बेरोजगारी बढ़ेगी। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि नफ़रत का कारोबार, भाषणबाजी, रील्स और मनोरंजन के लिए जिसे चुना था, वो पूरा मनोरंजन मिलता रहेगा। नौकरी, गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी, कृषि, गांव-किसान, शिक्षा-स्वास्थ्य, अर्थव्यवस्था इत्यादि पर गहन विचार विमर्श और ध्यान केंद्रित देने की बजाय इनका फोकस संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग, हेडलाइन मैनेजमेंट, हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद, गाय-गोबर और स्थलों के नाम बदलने पर रहेगा। संतोष झा- २३ मई/२०२६/ईएमएस